भाजपा ने की 4 राज्यों में चुनाव प्रभारी की नियुक्ति, छत्तीसगढ़ में ओपी माथुर को जिम्मेदारी, जानें छत्तीसगढ़ के चुनाव प्रभारी के बारे में

file photo


सीजी क्रांति न्यूज/ रायपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने शुक्रवार को 4 राज्यों में चुनाव प्रभारियों की घोषणा की। जिनमें छत्तीसगढ़ के प्रभारी ओम प्रकाश माथुर को चुनाव प्रभारी का भी जिम्मा दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रायपुर में सभा लेकर वापस लौटे, उसके बाद चुनाव प्रभारियों की सूची जारी हुई। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में प्रह्लाद जोशी को राजस्थान, केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव को मध्य प्रदेश, ओपी माथुर को छत्तीसगढ़ और प्रकाश जावड़ेकर को तेलंगाना का जिम्मा सौंपा गया है।

पार्टी ने इन राज्यों के सह-प्रभारियों की भी नियुक्ति की है। राजस्थान में प्रह्लाद जोशी के साथ नितिन पटेल और कुलदीप बिश्नोई को सह प्रभारी बनाया गया है। मध्य प्रदेश में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। छत्तीसगढ़ में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया को सह प्रभारी का जिम्मा दिया गया है। इसके अलावा तेलंगाना में सुनील बंसल को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। इन चारों राज्यों में इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। मध्य प्रदेश में भाजपा, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और तेलंगाना में फिलहाल भारतीय राष्ट्र समिति की सरकार है।

बता दें कि ओम प्रकाश माथुर राजस्थान के रहने वाले हैं। वर्तमान में वे राजस्थान से ही राज्यसभा के सांसद है। इससे पहले वे राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी बनाए जाने से पहले ओमप्रकाश माथुर उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसके पहले वे गुजरात व महाराष्ट्र के प्रभारी रह चुके हैं।

वरिष्ठ नेता ओम माथुर छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद से ही माथुर लगातार प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने जमीनी स्तर पर पार्टी को फिर से एकजुट करने का काम किया है। वहीं संगठनात्मक रूप से भी प्रदेश के नेता उनके खिलाफ नहीं जाते। वहीं उनका राजनीतिक अनुभव भी काफी लंबा है। उनके प्रभार में भाजपा राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश से बड़े राज्य जीत चुकी है। संभवतः ऐसे में पार्टी किसी अन्य को चुनाव प्रभारी बनाकर दो पावर सेंटर नहीं बनाना चाहती।

ओम माथुर को करीब 10 महीने पहले ही छत्तीसगढ़ की कमान सौंपी गई है। उनके पहले डी. पुरुंदेश्वरी प्रभारी थीं। केंद्रीय नेतृत्व ने उनको अचानक हटाकर माथुर को प्रभारी बना दिया। इससे पहले छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन में भी बड़े बदलाव किए गए थे। पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष बदलने के साथ ही विधानसभा में विपक्ष के नेता तक को बदल दिया था।

ओम प्रकाश माथुर को भाजपा ने अपनी केंद्रीय चुनाव समिति में भी शामिल किया है। माथुर लंबे समय तक केंद्रीय टीम में उपाध्यक्ष और महामंत्री भी रहे हैं। इसके अलावा वे राजस्थान से राज्यसभा सांसद भी रहे हैं। शुरुआत में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक भी रहे। पूर्व उप राष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत के काफी नजदीकी नेताओं में रहे हैं। उन्हें राष्ट्रीय मंत्री, महामंत्री और उपाध्यक्ष का पद भी मिला, साथ ही गुजरात, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे प्रदेशों में प्रभारी भी बनाया गया था।

CG Kranti News channel

Follow the CG Kranti News channel on WhatsApp

Leave a Comment

ताजा खबर

error: Content is protected By Piccozone !!