सीजी क्रांति न्यूज/रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा सांसद फूलों देवी नेताम ने छत्तीसगढ़ महिला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र राष्ट्रीय अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा को भेजा है। उनके इस्तीफे के बाद सियासी गलियारे में इस्तीफा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। वहीं नई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के लिए महिला नेत्री की तलाश जारी हो गई है।
अपने त्यागपत्र में फूलो देवी नेताम ने लिखा है कि मुझे छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर काम करने का मौका मिला। समय-समय पर मार्गदर्शन मिलता रहा। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की सभी महिलाओं की आभारी हूं जिन्होंने मुझे इतना प्यार दिया। जिनके सहयोग से ही मैं अपना कार्यकाल संपन्न कर चुकी हूं।
फूलो देवी ने आगे लिखा है- छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा के पद पर मुझे 7 साल हो चुके हैं, और मेरा यह मानना है कि इस पद पर अब किसी अन्य महिला साथी को काम करने का मौका मिलना चाहिए। इसलिए फूलो देवी नेताम ने छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद से खुद को कार्य मुक्त करते हुए अपना इस्तीफा सौंप दिया है।