छत्तीसगढ़ को कौमी दंगों का केंद्र बनाना चाहती है कांग्रेस, तुष्टीकरण की राजनीति के कारण भुनेश्वर साहू को नहीं मिला न्याय – अमित शाह

सीजी क्रांति न्यूज/राजनांदगांव। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह समेत जिले के चारों विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के नामांकन दाखिले कार्यक्रम में सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजनांदगांव पहुंचे। इस अवसर जनसभा को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति की वजह से स्व. भुनेश्वर साहू को न्याय नहीं मिला, न्याय के प्रतीक के रूप में ईश्वर साहू को टिकट दिया गया है। कांग्रेस की वोट बैंक की राजनीति के चलते भुनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई।

छत्तीसगढ़ को फिर से एक बार कौमी दंगों का केंद्र बनाना चाहते हैं? भुनेश्वर साहू को न्याय मिलना चाहिए। भूपेश बघेल सरकार में तुष्टीकरण के लिए, वोट बैंक की राजनीति के लिए छत्तीसगढ़ के बेटे भुनेश्वर साहू को लिंचिंग कर मार दिया। भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि भुनेश्वर साहू के हत्यारों को उनके अंजाम तक पहुंचाएंगे। उनके प्रतीक के रूप में उनके पिता ईश्वर साहू को हमने चुनाव के मैदान में उतारा है। अगर कांग्रेस फिर से सत्ता में आती है तो यही तुष्टीकरण कांग्रेस पार्टी आगे बढ़ाएगी।

शाह ने गिनाए, छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के काम

केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने कहा कि 15 साल भाजपा कार्यकाल में राजनंदगांव हो या छत्तीसगढ़ के पिछड़ा वर्ग बहुल क्षेत्र हो, दलित भाई जहां रहते हों वह क्षेत्र हो, हर क्षेत्र को संपूर्ण विकसित करने का काम भाजपा सरकार ने किया। श्री शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा को राजभाषा का दर्जा देने का काम भाजपा सरकार ने किया, किसानों को 14 प्रतिशत ब्याज से मुक्त करने का काम रमन सिंह की सरकार ने किया। पीडीएस की सबसे अच्छी व्यवस्था देशभर में कहीं लागू हुई तो वह छत्तीसगढ़ में हुई। ट्राइबल, ओबीसी और दलित को अपने अधिकार देने का काम किया।

कांग्रेस ने लूटा छत्तीसगढ़ का खजाना, दिल्ली दरबार का बना एटीएम

श्री शाह ने सवाल किया कि भूपेश सरकार ने क्या किया? भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को कांग्रेस के दरबार का एटीएम बनाकर रखा। छत्तीसगढ़ के आदिवासी युवाओं के अधिकारों का पैसा दिल्ली दरबार में कांग्रेस की तिजोरी जाता है, दलित युवा का पैसा दिल्ली दरबार कि कांग्रेस की तिजोरी में जाता है, और पिछड़ा वर्ग के युवाओं बहनों के अधिकार का पैसा भी इनके एटीएम के थू्र दिल्ली में जाता है। पटवारी से मुख्यमंत्री तक का पूरा करप्शन चेन बना दिया है, जो दिल्ली तक जाता है।

कांग्रेस राज में केवल घोटाले ही घोटाले

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि घोटाले की इतनी बड़ी सूची सार्वजनिक जीवन में कहीं नहीं देखी। शराब घोटाला 2000 करोड रुपए, उनके ऑफिस के अधिकारी जेल जाते हैं। परिवहन घोटाला साढे 500 करोड रुपए का किया। प्रधानमंत्री गरीब अन्नश्री योजना में 5000 करोड़ के चावल का घोटाला किया। 1300 करोड से ज्यादा रुपए का गौठान घोटाला किया, 600 करोड रुपए का पीडीएसफ घोटाला किया, महादेव एप का 5000 करोड रुपए का घोटाला करने का काम इस भूपेश सरकार ने किया है। श्री शाह ने तंज कसा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने तो बच्चों की नौकरियों को भी नहीं छोड़ा। पब्लिक सर्विस कमीशन का घोटाला कर बच्चों की नौकरियों में भी कमीशन लेने का काम किया है।

10 साल में कांग्रेस की केन्द्र सरकार ने दिए केवल 77 हजार करोड़, मोदी ने दी 9 साल में 3 लाख करोड़ की सौगात
श्री शाह ने कहा, 2004 से 14 तक केंद्र में यूपीए की सरकार थी, कांग्रेस की सरकार थी। क्या दिया उस सरकार ने छत्तीसगढ़ को? 2004 से 14 तक केवल 77 हजार करोड़ रुपये छत्तीसगढ़ को 10 साल के अंदर दिए, वहीं केंद्र की मोदी सरकार ने तीन लाख करोड़ से भी अधिक राशि छत्तीसगढ़ को दी।

भाजपा प्रत्याशियों ने भी किया सभा को संबोधित

सभा को भाजपा की प्रदेश महामंत्री और कवर्धा के भाजपा प्रत्याशी विजय शर्मा, डोंगरगढ़ के भाजपा प्रत्याशी विनोद खाण्डेकर, डोंगरगाँव के भाजपा प्रत्याशी भरत वर्मा, खुज्जी की भाजपा प्रत्याशी गीता साहू, साजा के भाजपा प्रत्याशी ईश्वर साहू, मोहला-मानपुर के भाजपा प्रत्याशी संजीव शाह, खैरागढ़ के भाजपा प्रत्याशी विक्रांत सिंह ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद मधुसूदन यादव और प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, भाजपा राष्ट्रीय चुनाव मीडिया प्रभारी सिध्दार्थनाथ सिंह, नीलू शर्मा, जिलाध्यक्ष रमेश पटेल, सचिन बघेल, संजूनारायण सिंह ठाकुर, आदि उपस्थित थे। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का राजधानी पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव समेत पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

CG Kranti News channel

Follow the CG Kranti News channel on WhatsApp

Leave a Comment

ताजा खबर

error: Content is protected By Piccozone !!