क्रांतिकारी और युग परिवर्तनकारी नींव रखी है पीएम मोदी ने, लंबे समय तक हुकूमत में रही कांग्रेस ने आदिवासियों की कोई फिक्र नहीं की- राजनाथ सिंह

सीजी क्रांति न्यूज/कांकेर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अपने नौ वर्षों के कार्यकाल में क्रांतिकारी, युगांतरकारी परिवर्तन की नींव रखी है। आज पूरी दुनिया गौर से सुनती है कि भारत क्या बोल रहा है । श्री सिंह शनिवार को कांकेर में भारतीय जनता पार्टी के महासम्पर्क अभियान के सिलसिले में आयोजित महती जनसभा को संबोधत कर रहे थे।

रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आदिवासियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया। यह पहली बार हुआ कि आदिवासियों के कल्याण की चिंता करके अलग राज्य बनाए गए जबकि लंबे समय तक हुकूमत में रही कांग्रेस ने आदिवासियों की कोई फिक्र नहीं की। दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, गरीबों, किसानों के हितों के लिए वही प्रतिबद्धता आज प्रधानमंत्री श्री मोदी में दिखाई दे रही है। एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति के पद तक पहुंचाने का करिश्मा भी श्री मोदी ने ही कर दिखाया है।

श्री सिंह ने कहा कि आदिवासियों के कल्याण के लिए मोदी जी ने 90 हजार करोड़ का अलग से बजट प्रावधान तक किया है। देश के स्वाधीनता समर से लेकर कला-संस्कृति व समाजजीवन में उल्लेखनीय योगदान के लिए आदिवासी समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया है और आदिवासी समाज की गौरव-गाथा सारी दुनिया को बताई जा रही है। इससे पहले यह काम नहीं हुआ क्योंकि कांग्रेस के सत्ताधीश आत्मकेंद्रित राजनीति में ध्यान रखे हुए थे।

रक्षा मंत्री श्री सिंह ने प्रधानमंत्री आवास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, घर-घर शौचालय, गरीबों को निरूशुल्क अनाज और करोना वैक्सीन जैसी उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि मोदी सरकार के ये 9 साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के साल हैं। उन्होंने कहा कि डेढ़ सौ से ज्यादा फसलों व वनोपजों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के दायरे में लाकर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने किसानों के जीवन स्तर को उठाने का काम किया। बस्तर में रेल सुविधाओं के विस्तार का काम चल रहा है।

केंद्र सरकार ने देशभर में वामपंथी उग्रवाद पर सख्ती से काबू पाया है और अब कुछेक जिलों में ही नक्सली वारदातें जारी हैं। यदि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने अपेक्षित सहयोग किया होता तो यहां भी नक्सलवाद का सफाया हो जाता। श्री सिंह ने छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को अवैध बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस पर रोक लगाए और इस काम में जिस सहयोग की आवश्यकता होगी, केंद्र सरकार वह सहयोग करेगी। श्री सिंह ने राज्य गठन के दौरान कांग्रेस शासनकाल की चर्चा भी की और कहा कि 2003 के चुनावों में भाजपा की सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ का समुचित विकास हुआ।

रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश के कांग्रेस शासनकाल में केवल घोटाले-भ्रष्टाचार ही हुए हैं। राशन, शराब, चावल, गौठान, जमीन, कोयला आदि घोटालों का जिक्र करते हुए श्री सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता अब कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। कांग्रेस यह जान चुकी है। अब उपमुख्यमंत्री पद का लालीपाप थमाकर वह प्रदेश को भ्रमित नहीं कर पाएगी।

श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेसनीत संप्रग की पूर्ववर्ती केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे लेकिन आज केन्द्र सरकार पर कोई एक रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप तक नहीं लगा पाया है। भाजपा भ्रष्टाचार से कोई समझौता नहीं करती। श्री सिंह ने कहा कि कोरोना काल में भारत ने वैक्सीन बनाकर न केवल आत्मनिर्भरता का विश्वास पैदा किया, अपितु दुनिया के 120 देशों को भी हमने भारत से वैक्सीन मुहैया कराई। केंद्र सरकार ने गांव-गरीब-किसान, बेरोजगार, महिला सम्मान और झुग्गी-झोपड़ी में रह रहे इंसानों के लिए काम किया, जो कांग्रेस ने नहीं किया।

रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने जो कहा, वह करके दिखाया है। धारा 370 की समाप्ति, श्रीराम मंदिर निर्माण की चर्चा करते हुए श्री सिंह ने कहा कि दुनिया में भारत आज एक ताकतवर देश के रूप में स्थापित हुआ। यह नया भारत है, यह कमजोर नहीं है। भारत को किसी ने आंख दिखाई तो हम इस पार से ही नहीं, उस पार भी जाकर करारा जवाब देंगे। उरी और पुलवामा के बाद हुई सर्जिकल व एयर स्ट्राइक की चर्चा भी श्री सिंह ने की।

श्री सिंह ने रूस-यूक्रेन युद्ध की विभीषिका के बीच यूक्रेन में पढ़ रहे 27 हजार भारतीय छात्रों की सकुशल वापसी को बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि विश्व मंच पर आज भारत को जो सम्मान मिल रहा है, वह पूरे देश का सम्मान है। श्री सिंह ने अपने संबोधन के अंत में छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाने और केन्द्र में श्री मोदी को पुनरू प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प दिलाया और कहा कि छत्तीसगढ़ का यह संदेश वे प्रधानमंत्री श्री मोदी तक पहुंचाएंगे।

कांकेर के धरती से अपने स्वागत उद्बोधन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि हम सबके लिए गर्व की बात है कि जब समूची दुनिया में भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हिंदुस्तान आज परचम लहरा रहा है, जब दुनिया फिर से भारत की तरफ हर समस्या के समाधान के लिए टकटकी लगाए देख रही है, विश्व के किसी भी कोने में कोई भी संकट होने पर जब आज सभी राष्ट्र प्रमुखों की निगाहें भारत की तरफ ही उम्मीद भारी दृष्टि से देखती है।

कार्यक्रम को पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विक्रम उसेंडी, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, लता उसेंडी, अजजा आयोग के पूर्व अध्यक्ष देवलाल दुग्गा, सांसद संतोष पांडे, मोहन मंडावी ने भी संबोधित किया।

CG Kranti News channel

Follow the CG Kranti News channel on WhatsApp

Leave a Comment

ताजा खबर

error: Content is protected By Piccozone !!