जांजगीर। सीएम भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) के कार्यक्रम में डयूटी के लिए बिलासपुर से जांजगीर जा रहा पुलिस बल हादसे का शिकार हो गया। पुलिसकर्मियों से भरी बस को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मारी है। हादसे के समय बस में 45 पुलिसकर्मी थे। 20 जवान घायल हुए हैं। जिसमें से 10 महिला पुलिसकर्मी शामिल है। घायलों को बिर्रा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद अब शिवरीनारायण अस्पताल ले जाने की तैयारी है। सभी जवान मालखरौदा के मोहतरा गांव में होने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यक्रम में ड्यूटी के लिए जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक बिलासपुर से 45 जवानों को लेकर बस जांजगीर जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े 7 बजे शिवरीनारायण क्षेत्र के कनस्दा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शोरगुल होने लगा। इस पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और डायल-112 को सूचना। इस पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जवानों को अस्पताल ले जाया गया।
झपकी बना हादसे का कारण
जानकारी मिल रही है कि दुर्घटना में 15 से 20 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें 8 से 10 महिला सिपाही हैं। हादसे के समय बस में 45 जवान सवार थे। बाकी सिपाहियों को हल्की चोटें आई हैं। सभी जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद शिवरीनारायण थाने लाया गया है। यहां से उनके अस्पताल भेजे जाने की व्यवस्था की जा रही है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी आने के चलते सामने से जा रही जवानों से भरी बस से ट्रक की टक्कर हो गई। जवानों से भरी बस के ड्राइवर को पहले ट्रक को सामने से अनियंत्रित तरीके से आता देख पहले ही हादसे का अंदेशा हो गया था। इसके चलते उसने कुछ दूर पहले ही बस को रोक दिया। इसके बाद भी चालक तेज रफ्तार ट्रक को संभाल नहीं पाया और बस से आकर भिड़ गया। ऐसे में अगर दोनों वाहनों की स्पीड होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।