सीजी क्रांति/खैरागढ़. विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारक केंद्रीय खाद्य उद्योग एवं जल शक्ति राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। खैरागढ़ को नया जिला बनाने की कांग्रेस के घोषणा को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा साढ़े 3 सालों में उन्हें किसने रोका था, यह जवाब उन्हें देना चाहिए।
खैरागढ़ को जिला बनना चाहिए, लेकिन कांग्रेस ने भयभीत होकर घोषणा की है। वहीं धान खरीदी को लेकर बोले कि लगता है कि राज्य को दिवालिया करने पर कांग्रेस आमादा है। साथ ही कहा कि वह पार्टी के आभारी हैं जो उनको स्टार प्रचारक बनाकर यहां भेजा गया है। अब उनकी दो सभाएं और होनी हैं।
केंद्रीय खाद्य, उद्योग एवं जल शक्ति राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल BJP प्रत्याशी कोमल जंघेल (Komal Janghel) के पक्ष में जनसंपर्क के लिए दो दिन के चुनावी दौरे पर खैरागढ़ पहुंचे हैं। इस दौरान उनकी 6 जनसभाएं करेंगे। अभी पिपरिया में जनसंपर्क करेंगे और शाम 4 बजे छुईखदान के उदयपुर में आमसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 7 अप्रैल को सुबह 11 बजे राहुद में जनसभा करेंगे। फिर दोपहर 1 बजे भोरमपुरकला में जनसंपर्क, शाम 4 बजे जलबांधा में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह रायपुर पहुंचेंगे।
राज्य को दिवालिया करने पर आमादा कांग्रेस
राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने धान खरीदी के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस सरकार उसे 2500 से 2800 रुपए कर रही है। पहले तो रुपए केंद्र ने भेजे हैं, उसका सही इस्तेमाल करे। कहा कि छत्तीसगढ़ को कांग्रेस दिवालिया करने पर आमादा है। राज्य पर कर्ज बढ़ता जा रहा है, लेकिन थाली खाली है।
खैरागढ़ के अमलीडीह में BJP उम्मीदवार के समर्थन में हुई सभा के बाद मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र ने जल शक्ति मिशन में 1431 करोड़ रुपए दिए, लेकिन जनता पर उसकी छीटें तक नहीं पड़ी। कहा कि हम तो चौकीदार हैं। कांग्रेस का पाखंड बेनकाब करना यह ज्यादा जरूरी है। पिछले साढ़े 3 सालों में कांग्रेस ने ऐसा कोई भी काम नहीं किया, जिससे हर बार वह यहां वोट मांग पाए। मैं मानता हूं कि राज्य सरकार कि जो विफलता है उस का पैमाना तय होगा।