सीजी क्रांति न्यूज/रायपुर। प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में आज विधायक पद के प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगेगी। इसके बाद हाईकमान के निर्देश पर नामों की घोषणा की जाएगी। संभावना है कि सभी मंत्रियों को दोबारा मौका मिलेगा। इसके बाद जिन क्षेत्रों से सिंगल नाम आए हैं, उन पर विचार किया जाएगा।
नामों की छंटनी के बाद हाईकमान से अंतिम निर्णय लिए जाने के बाद नामों की घोषणा भी जल्द की जा सकती है। कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में चल रही बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और प्रभारी सचिव चंदन यादव मौजूद हैं।
संगठन के पदाधिकारियों के मुताबिक चुनाव समिति एकल नाम वाली सीटों में पहले रायशुमारी कर फैसला कर सकती है। वहीं इसके बाद अन्य सीटों के लिए अधिक से अधिक दो नाम के पैनल तैयार किए जाएंगे। हालांकि इसमें पहले सहमति बनाने की कोशिश होगी। चुनाव समिति की बैठक देर रात तक चलने की संभावना है।