सीजी क्रांति न्यूज/ खैरागढ़।
छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले से सोमवार शाम एक सनसनीखेज और दुखद घटना सामने आई। खैरागढ़ क्षेत्र में स्थित पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के उदयपुर पैलेस में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस रायफल से गोली मारकर जान दे दी। घटना के बाद पूरे पैलेस परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। मृतक जवान की पहचान कृपाचंद सोनवानी (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की छठवीं बटालियन में पदस्थ था। वह मूल रूप से भिलाई का निवासी बताया जा रहा है।
गोली की आवाज से मचा हड़कंप
सूत्रों के मुताबिक उदयपुर स्थित राजपरिवार के पैलेस में सुरक्षा के लिए जवानों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाती है। सोमवार को भी सामान्य रूप से कृपाचंद सोनवानी की ड्यूटी पैलेस में लगी थी। शाम के समय अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी, जिससे परिसर में मौजूद जवान और कर्मचारी घबरा गए। जब साथी जवान मौके पर पहुंचे तो कृपाचंद सोनवानी खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि उसने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद पर फायर कर लिया था। तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कुछ दिनों से तनाव में था जवान
साथी जवानों के मुताबिक कृपाचंद सोनवानी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में दिखाई दे रहा था। हालांकि उस समय किसी ने इसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया।
छुट्टी से लौटने के अगले दिन घटना
पुलिस के अनुसार जवान एक दिन पहले ही छुट्टी से लौटकर ड्यूटी पर आया था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घरेलू या निजी कारणों के चलते उसने यह कदम उठाया होगा। हालांकि घटनास्थल से अभी तक कोई सुसाइड नोट या अन्य स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और जवान के साथियों तथा परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

