सीजी क्रांति/रायपुर। सोमवार सुबह छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को दोबारा स्थापित कर दिया गया है। रविवार को खंडित की गई इस प्रतिमा को लेकर पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल था। वहीं पुलिस ने मूर्ति तोड़ने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
रविवार को छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना द्वारा स्थापित “छत्तीसगढ़ महतारी” की प्रतिमा को अज्ञात तत्वों ने तोड़ दिया था। मूर्ति दीवार से उखाड़ दी गई थी और उसका सिर अलग मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के सदस्य मौके पर पहुंचे, जहां माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों में आक्रोश था — एक युवक मूर्ति के टूटे सिर को देखकर फफक पड़ा, वहीं एक महिला उस सिर को अपनी गोद में लेकर रोती हुई दिखी। धीरे-धीरे बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को शांत करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और क्रांति सेना के सदस्यों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में पुलिस ने क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल सहित कुछ सदस्यों को एहतियातन हिरासत में लिया।
अब प्रशासन ने नई प्रतिमा स्थापित कर दी है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
