पीडब्ल्यूडी/ कांग्रेस विधायक के गृहगांव देवारीभाठ में भी साढ़े 4 लाख का घोटाला, क्या बोलीं यशोदा वर्मा, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर

सीजी क्रांति/खैरागढ़। खैरागढ़ लोक निर्माण विभाग के अफसरों ने कांग्रेस विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के गृहग्राम धनेली-देवारी भाठ मार्ग में पेंच निर्माण के नाम पर 4 लाख 28 हजार 527 रूपए की गडबड़ी की है। ये गड़बड़ी कलेक्टर डॉ. जगदीश कुमार सोनकर को मिली शिकायत की जांच में सामने आई है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि जब जिले के अफसर सत्ताधारी दल के गांव में भ्रष्टाचार करने से नहीं झिझक रहे हैं तो अन्य जगहों का क्या होल होगा। इस मामले में प्रतिक्रिया जानने सीजी क्रांति ने विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा से बात की तो उन्होंने शांति से व सधे हुए शब्दों में बस इतना कहा कि कलेक्टर इसकी जांच करवा रहे हैं। उन्हें कहा है कि जो दोषी हैं, उन पर सख्ती से कार्रवाई करें।

कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम प्रकाश सिंह राजपूत की अध्यक्षता में गठित 6 सदस्यीय कमेटी की जांच रिपोर्ट में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, एसडीओ समेत इंजीनियरों पर 13.33 लाख रूपए शासकीय राशि के गबन का मामला सामने आया है। इन पर आरोप है कि सड़कों की मरम्मत हुई नहीं और अफसरों ने फर्जी माप और बिल बनाकर 13.33 लाख रूपए डकार लिए। जांच कमेटी ने लोक निर्माण के कार्यपालन अभियंता और एसडीओ समेत इंजीनियरों दोषी पाया है। इसके बाद उनके निलंबन या बर्खास्तगी की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की बजाय दोषी अफसरों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका दिया जा रहा है। हालांकि कलेक्टर अपने आप में जिले के प्रमुख अधिकारी होते हैं। ऐसे में यदि उनके द्वारा गठित टीम ने अपने जांच में पीडब्ल्यूडी के अफसरों को दोषी ठहराया है तो अपने आप में पुख्ता प्रमाण है। बावजूद इसके लिए अफसरों को अपना पक्ष रखने का मौका देकर प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने की बात कही जा रही है।

इन अफसरों के खिलाफ गबन का मामला!
जांच दल ने अपनी रिपोर्ट में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ललित वाल्टर तिर्की ने अपने अधीनस्थों के साथ मिलकर 13 लाख 33 हजार 211 रूपए का गबन किया है। इनमें एसडीओ संजय जागृत भी शामिल है। सब इंजीनियर अश्वनी यदु ने 4 लाख 33 886 रूपए। फौजिया मोल ने 70 हजार 848 रूपए और योगिता करभाल ने 8 लाख 28 हजार 487 रूपए का गबन किया है।

इन सड़कों का फर्जी माप कर लाखों का फर्जीवाड़ा

0 पेड्री-दपका मार्ग में 74 हजार 821 रूपए।
0 राजनांदगांव-कवर्धा मार्ग 3 लाख 59 हजार 56 रूपए।
0 सिंगारघाट-बेंद्रीडीह मार्ग में 70 हजार 848 रूपए।
0 पिपारिया-मुहडबरी मार्ग 4 लाख 28 हजार 527 रूपए।
0 कुकुरमुड़ा-सिंघौरी व शेरगढ़-बफरा मार्ग में 1 लाख 14 हजार 386 रूपए।
0 खैरागढ़-अतारिया मार्ग 1 लाख 73 हजार 9 रूपए।
0 धनेली-देवारीभाठ-भरदाकला 4 लाख 28 हजार 527 रूपए।

जवाब आ गया है, कार्रवाई होगी
खैरागढ़ एसडीएम और जांच कमेटी के अध्यक्ष प्रकाश सिंह राजपूत ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अफसरों से जवाब मांगा गया है। उनका जवाब आज आया है। उसके अध्ययन के बाद अगली कार्रवाई के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

CG Kranti News channel

Follow the CG Kranti News channel on WhatsApp

1 thought on “पीडब्ल्यूडी/ कांग्रेस विधायक के गृहगांव देवारीभाठ में भी साढ़े 4 लाख का घोटाला, क्या बोलीं यशोदा वर्मा, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर”

  1. pwd के घोटालेबाज दोषियों के उपर सक्त से सक्त कार्यवाही किया जाय

    Reply

Leave a Comment

ताजा खबर

error: Content is protected By Piccozone !!